BIG NEWS : डीआईजी के सख्त तेवर:CBN रेड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप,मंदसौर SP का बड़ा एक्शन,कचनारा चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित,एमडी ड्रग्स मामले में इंटेलिजेंस फेलियर पर गिरी गाज .!,पढ़े ये खबर
डीआईजी के सख्त तेवर:CBN रेड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप,मंदसौर SP का बड़ा एक्शन,कचनारा चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी
मंदसौर। जिले के कचनारा क्षेत्र में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई के बाद अब पुलिस विभाग में जवाबदेही तय होना शुरू हो गई है। रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल के सख्त निर्देशों के बाद मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीणा ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार 8 मई को CBN ने कचनारा-लसुड़ियाइला क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध एमडी ड्रग्स जब्त की थी। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए। डीआईजी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की लैब या बड़ी खेप पकड़े जाने को स्थानीय पुलिस का “इंटेलिजेंस फेलियर” माना जाएगा और जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इसी के तहत एसपी विनोद कुमार मीणा ने शनिवार को आदेश जारी कर कचनारा चौकी प्रभारी पूर्णिमा सिरोहिया, सउनि युसूफ मंसूरी और आरक्षक अर्जुन सिंह को निलंबित कर दिया। तीनों को रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) मंदसौर संबद्ध किया गया है।

एसपी द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि स्थानीय पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सूचना संकलन और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद चौकी स्तर पर कोई सक्रियता नहीं दिखाई गई। आदेश में यह भी कहा गया कि किसी बाहरी एजेंसी द्वारा क्षेत्र में घुसकर इतनी बड़ी कार्रवाई करना स्थानीय पुलिस की घोर लापरवाही और संदिग्ध कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (ग्रामीण) को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर 5 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईजी के सख्त रुख के बाद जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अमले में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।