NEWS: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में गांव-गांव पहुंचे कलेक्टर दिव्यांक सिंह, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, बिजली बिल से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और गौशाला तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पढ़े खबर

NEWS: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में गांव-गांव पहुंचे कलेक्टर दिव्यांक सिंह, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, बिजली बिल से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और गौशाला तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पढ़े खबर

मंदसौर, 29 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को मंदसौर जनपद पंचायत क्षेत्र में प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने अधिकारियों के साथ सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति भी देखी।

अभियान के प्रथम सत्र में कलेक्टर नगर वन, देवडूंगरी, रेवास देवड़ा, नौगांवा, गुर्जरदा और हैदरवास सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे। भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

हैदरवास में बिजली बिल की शिकायत, कलेक्टर ने दिए तत्काल जांच के निर्देश

हैदरवास में ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष अधिक राशि के विद्युत बिल आने की समस्या रखी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर मौजूद विद्युत वितरण कंपनी के इंजीनियर को बिलों की जांच कराने और ग्रामीणों के हित में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी दौरान हैदरवास में पौधारोपण कार्यक्रम भी हुआ। ग्रामीण महिलाओं ने कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इससे पहले नगर वन देवडूंगरी में भी कलेक्टर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

योजना की मदद से किसान के बेटे ने शुरू की ऑयल मिल, कलेक्टर ने देखा काम

कलेक्टर ने ग्राम करौली में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के अंतर्गत किसान संदीप पाटीदार द्वारा स्थापित ऑयल मिल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल की कार्यप्रणाली और योजना के माध्यम से मिली सहायता की जानकारी ली। बताया गया कि शासन की योजना से प्राप्त अनुदान सहायता का लाभ लेकर संदीप पाटीदार ने अपना व्यवसाय शुरू किया और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया। कलेक्टर ने योजना के लाभ और उसके जमीनी प्रभाव की जानकारी भी ली।

श्रीकृष्ण गौशाला पहुंचे कलेक्टर, गोवंश की स्थिति देखी

रेवास देवड़ा में कलेक्टर ने श्रीकृष्ण गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में मौजूद गोवंश की स्थिति, उपलब्ध व्यवस्थाओं और पशुपालन विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली अनुदान सहायता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान गोपूजन भी किया गया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दवाइयों और उपचार व्यवस्था की जांच

नौगांवा में कलेक्टर ने शासन के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाइयों, उपचार सुविधाओं और अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही गांव के आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद, पर्यावरण और जल संरक्षण पर दी जानकारी

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान कलेक्टर गुर्जरदा के हाई स्कूल भी पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति और स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए जल संरचनाओं और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी चर्चा की तथा उन्हें इन विषयों से संबंधित जानकारी दी। भ्रमण के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा, एसडीएम श्री शुभम पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और शासन की योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया।