ANTIM VIDAI : 30 साल तक रामपुरा को जगमगाने वाले योगेंद्र पंजाबी का अचानक निधन, अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब, पूरे नगर में शोक की लहर, पढ़े खबर
रामपुरा — नगर परिषद में प्रकाश व्यवस्था विभाग में पदस्थ कर्मठ कर्मचारी योगेंद्र पंजाबी का बीती रात हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे नगर में शोक की लहर फैल गई और हर कोई स्तब्ध रह गया।

योगेंद्र पंजाबी पिछले करीब 30 वर्षों से नगर परिषद में पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ प्रकाश व्यवस्था का दायित्व निभा रहे थे। नगर की गलियों से लेकर प्रमुख मार्गों तक रोशनी पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष बात यह रही कि सभी धर्मों के त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में भी वे स्वयं जिम्मेदारी लेकर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करते थे।

वे केवल अपने कार्य तक सीमित नहीं थे, बल्कि पंजाबी समाज एवं विभिन्न धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते थे। मिलनसार स्वभाव और सेवा भावना के कारण वे नगरवासियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।

उनके आकस्मिक निधन से नगर परिषद कर्मचारियों, समाजजनों और नगरवासियों में गहरा दुःख व्याप्त है। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
