BIG NEWS: इंदौर ड्रग्स कांड में फरार तस्कर-पैडलरों पर इनाम घोषित, इन राज्यों के 16 आरोपी सहित नीमच-मंदसौर के भी लिस्ट मे शामिल,पुलिस की तलाश हुई तेज,सुचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त,पढ़े खबर

नीमच/मंदसौर। इंदौर ड्रग्स कांड से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 16 तस्कर और पैडलरों पर नारकोटिक्स विंग ने बड़ा शिकंजा कसते हुए कुल 1 लाख 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। नारकोटिक्स विंग के डीआईजी महेश चंद जैन ने इन आरोपियों की गिरफ्तारी या ठोस सूचना देने वालों के लिए अलग-अलग राशि के इनाम की घोषणा की है। पुलिस इन आरोपियों की लंबे समय से तलाश कर रही है, वहीं कुछ आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने और उन्हें भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई भी चल रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

डीआईजी के अनुसार आरोपी मांगीलाल चौधरी और काजाराम चौधरी, निवासी ग्राम जेलात्रा, जिला जालौर (राजस्थान) पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

वहीं आरोपी गोविंद मोतीलाल मीणा निवासी ग्राम गमेरपुरा चीताखेड़ा (नीमच), राकेश जगदीश गुर्जर निवासी बोरखेड़ी चारण (मंदसौर), दिलीप मोहनलाल अहीर निवासी ग्राम बमोरी (नीमच), विनोद आशाराम मीणा निवासी ग्राम जाजली (प्रतापगढ़, राजस्थान), मिश्रीलाल भंवरलाल कुमावत निवासी मोराकला (पाली, राजस्थान), ओंकार सिंह उर्फ लाल सिंह निवासी धंधाल जगानू उधमपुर (जम्मू) तथा रमेश रत्नाराम विश्नोई निवासी ग्राम मोटाई सावल, जिला जोधपुर (राजस्थान) पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

इसी तरह विरेंद्र सिंह उर्फ राहुल सिंह सौंधिया राजपूत निवासी ग्राम तुरकिया (मंदसौर), ओमप्रकाश खंगाराम खिलेरी निवासी झाब सांचौर (राजस्थान), कैलाश रुपाराम विश्नोई निवासी देशांतरी नाडी, बाड़मेर (राजस्थान), भागीरथ हरदाराम विश्नोई निवासी सतरेन चैनासर, नागौर (राजस्थान), गोपाल लादूलाल जाट निवासी ग्राम दातड़ा छोटा, भीलवाड़ा (राजस्थान), भवानी सिंह चतरसिंह निवासी ग्राम करौली, जालौर (राजस्थान), रोहित भोला मंडल निवासी शोभापुर कॉलोनी (बैतूल) और नीलेश पाटीदार पुत्र संजय पाटीदार निवासी परिचालिका नगर, तिलक नगर पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस का कहना है कि इन फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति इनकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देता है तो उसे घोषित इनाम राशि दी जाएगी और उसकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।