NEWS: “नीमच के शिक्षकों की प्रेरक कहानियां अब एक किताब में!”,कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने किया ‘हमारे शिक्षक – हमारे प्रेरणास्त्रोत’ बुकलेट का विमोचन, पढ़े खबर
नीमच। जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और शिक्षकों के उत्कृष्ट प्रयासों को एक मंच देने के उद्देश्य से तैयार की गई पुस्तिका “हमारे शिक्षक – हमारे प्रेरणास्त्रोत (नीमच)” के प्रथम संस्करण का विमोचन जिला कलेक्टर Himanshu Chandra द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

यह बुकलेट जिला शिक्षा केंद्र और डाइट के सहयोग से तैयार की गई है, जिसमें जिले के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों, प्रभावी शैक्षिक प्रयोगों तथा कक्षा-कक्ष में अपनाई जा रही बेहतरीन शिक्षण पद्धतियों को संकलित किया गया है। पुस्तिका में उन शिक्षकों के अनुभवों को शामिल किया गया है जो सीएम राइज शिक्षक व्यावसायिक उन्नयन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित “शैक्षिक संवाद” से प्राप्त सीख को अपने विद्यालयों और कक्षा-कक्ष में सफलतापूर्वक लागू कर रहे हैं।

कार्यक्रम में डीपीसी दिलीप व्यास, एपीसी (अकादमिक) पंडित अम्बिका प्रसाद जोशी, डाइट प्राचार्य निर्मल राठौर तथा शिक्षक विनोद लालवानी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

बुकलेट में जिले के ऐसे शिक्षकों के अनुभव, नवाचार और बेस्ट प्रैक्टिस को स्थान दिया गया है, जिन्होंने प्रशिक्षण, शैक्षिक संवाद और शिक्षक व्यावसायिक उन्नयन कार्यक्रमों से प्राप्त ज्ञान को अपने विद्यालयों में लागू कर विद्यार्थियों के अधिगम को अधिक प्रभावी बनाया है।

इस अवसर पर उन सभी शिक्षकों को बधाई दी गई जिनके अनुभव और विचार इस संस्करण में प्रकाशित किए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि जिन शिक्षकों के नवाचार इस बार शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें आगामी संस्करणों में अवश्य स्थान दिया जाएगा। यह बुकलेट जिले के शिक्षकों के अनुभवों को साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।