BREAKING NEWS: महू-नीमच हाईवे पर दौड़ती वेन बनी आग का गोला, पिपलियामंडी टोल प्लाजा के पास मची चीख-पुकार… चालक ने कूदकर बचाई जान, पढ़े नरेंद्र राठौर की ये खबर
पिपलियामंडी। महू-नीमच हाईवे स्थित टोल टैक्स के पास शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब चलते हुए एक वेन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी वेन को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन धू-धू कर जलने लगा। हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार कनघट्टी निवासी अनिल पिता लक्ष्मीलाल (55) स्लेट पेंसिल के कार्टून से भरी वेन लेकर मंदसौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिपलिया टोल टैक्स के पास अचानक गैस रिसाव होने से वाहन में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और पूरी वेन आग का गोला बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही टोल एम्बुलेंस के डॉक्टर नवीन गौड़ और टोल स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं संबंधित विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

गनीमत रही कि समय रहते चालक को बाहर निकाल लिया गया, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था। घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
