NEWS :  मनासा ने खोया अपना स्तंभ, वरिष्ठ अधिवक्ता घनश्याम विजयवर्गीय का निधन, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी अंतिम विदाई, पढ़े खबर

NEWS :  मनासा ने खोया अपना स्तंभ, वरिष्ठ अधिवक्ता घनश्याम विजयवर्गीय का निधन, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी अंतिम विदाई, पढ़े खबर

मनासा। विजयवर्गीय समाज के आधारस्तम्भ, पूर्व अध्यक्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जनसंघ और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, मिसाबंधु एवं वरिष्ठ अधिवक्ता घनश्याम विजयवर्गीय का 17 मार्च को उपचार के दौरान निधन हो गया। वे 90 वर्ष के थे और कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से नगर में शोक की लहर छा गई।

घनश्याम विजयवर्गीय अपने सादगीपूर्ण जीवन, स्पष्टवादिता और समाजसेवा के लिए जाने जाते थे। वे नगर की कई धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े रहे और अपने विराट व्यक्तित्व से समाज में अलग पहचान बनाई। भारतीय जनता पार्टी द्वारा उनके पार्थिव शरीर को पार्टी ध्वज ओढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई। लोकतंत्र सेनानी होने के कारण राज्य शासन की ओर से उन्हें पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इस दौरान विधायक माधव मारू और तहसीलदार मुकेश निगम ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

बुधवार को कोर्ट परिसर स्थित निवास से निकली अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक, अधिवक्ता और समाजजन शामिल हुए। हर कोई नम आंखों से अपने प्रिय वरिष्ठ को अंतिम विदाई देने पहुंचा। मोक्षधाम पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

अंतिम संस्कार के दौरान उनके पुत्र पीयूष एवं अरविंद ने मुखाग्नि दी। घनश्याम विजयवर्गीय का निधन न केवल विजयवर्गीय समाज, बल्कि पूरे मनासा नगर के लिए अपूरणीय क्षति है।