BREAKING NEWS:हांसपुर बीड में भीषण आग, वन विभाग और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला, पढ़े खबर

रिपोर्ट: मनीष जोलानिया

मनासा। वन विभाग क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हांसपुर और ग्राम बनी के बीच स्थित बीड में मंगलवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात कारणों से आग लग गई। बताया जा रहा है कि वन परिक्षेत्र के बीड में फैले चारे में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा दी गई, जो तेज हवा के कारण तेजी से फैलने लगी।

आसपास खेतों में कार्य कर रहे ग्रामीणों ने धुआं उठता देख तुरंत वन विभाग अधिकारियों और मनासा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा नुकसान टल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगजनी में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।वन विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।