BREAKING NEWS : मध्यप्रदेश में बजा नीमच का डंका, कोई टीम नहीं रोक पाई ये विजयरथ, ज्ञानोदय स्कूल की 11 बेटियों ने शानदार खेल से प्रदेश चैंपियन बन, रचा नया इतिहास, पढ़े खबर

BREAKING NEWS : मध्यप्रदेश में बजा नीमच का डंका, कोई टीम नहीं रोक पाई ये विजयरथ, ज्ञानोदय स्कूल की 11 बेटियों ने शानदार खेल से प्रदेश चैंपियन बन, रचा नया इतिहास, पढ़े खबर

नीमच, 8 जून 2026। उज्जैन में आयोजित 77वीं जूनियर राज्य स्तरीय अंडर-19 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में नीमच की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में नीमच की टीम अपराजेय रही और हर मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज कर प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

मध्यप्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन एवं उज्जैन कॉर्पोरेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों की टीमों ने भाग लिया। नीमच ने अपने पहले मुकाबले में शहडोल को 34-9 से हराया, जबकि दूसरे मैच में इंदौर डीबीए को 26-2 से पराजित कर पूल टॉपर बनते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

क्वार्टर फाइनल में आरसीसी भोपाल को 56-26 से हराने के बाद नीमच ने सेमीफाइनल में एनबीए की मजबूत टीम को 67-43 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में इंदौर कॉर्पोरेशन के खिलाफ भी नीमच की टीम पूरी तरह हावी रही और 71-40 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली

पूरे टूर्नामेंट में नीमच की टीम के सामने कोई भी टीम कड़ी चुनौती पेश नहीं कर सकी। टीम की शानदार सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रतियोगिता का 'बेस्ट प्लेयर अवॉर्ड' भी नीमच की खिलाड़ी लक्षिता चौहान को मिला।

विशेष बात यह रही कि नीमच की 12 सदस्यीय विजेता टीम में 11 खिलाड़ी ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल की छात्राएं हैं। सभी खिलाड़ी इन्वेंशन बास्केटबॉल अकादमी से जुड़ी हुई हैं और कोच किशन पाल सिंह एवं सतेंद्र पाल सिंह के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।विजेता टीम में दिव्यल यादव, लक्षिता चौहान, सलोनी दीवान, रितु चौहान, गौरांशी शर्मा, आलिया चौरसिया, दिशा, ईशाना सैनी, कृतिका प्रजापति, नव्या चौरसिया एवं अंबिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नीमच की इन्वेंशन बास्केटबॉल अकादमी पिछले दो दशकों से लगातार प्रदेश स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार कर रही है। अकादमी से निकले कई खिलाड़ी आज भारतीय सेना, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ और रेलवे जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। प्रदेश चैंपियन बनकर लौटी टीम का रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार स्वागत किया गया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों, अकादमी पदाधिकारियों और ज्ञानोदय ग्रुप के पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।