BIG NEWS: पहले हुई गोपनीय सूचना... फिर बिछा जाल... जैसे ही होने लगी 'हत्था जोड़ी' की डील, पहुंच गई मंदसौर वन विभाग टीम, गोह के प्रतिबंधित अंगों की अवैध बिक्री करते 3 तस्कर किये गिरफ्तार, पढ़े खबर

BIG NEWS: पहले हुई गोपनीय सूचना... फिर बिछा जाल... जैसे ही होने लगी 'हत्था जोड़ी' की डील, पहुंच गई मंदसौर वन विभाग टीम, गोह के प्रतिबंधित अंगों की अवैध बिक्री करते 3 तस्कर किये गिरफ्तार, पढ़े खबर

मंदसौर। वन विभाग मंदसौर ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मॉनिटर लिजार्ड (गोह) के अवशेष 'हत्था जोड़ी' की अवैध बिक्री कर रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर नेहरू बस स्टैंड स्थित नेहरू पार्क गेट के समीप की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

वन विभाग द्वारा गठित विशेष दल ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर एक महिला और दो पुरुषों को पकड़कर उनके कब्जे से मॉनिटर लिजार्ड (गोह) के कुल 19 नग 'हत्था जोड़ी' बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश सिंह पारदी (54), करोल सिंह पारदी (36) एवं भारतबाई (52) निवासी ग्राम रूपावली, पोस्ट साबाखेड़ा, जिला मंदसौर के रूप में हुई है।

वन विभाग ने बताया कि मॉनिटर लिजार्ड (गोह) वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की प्रथम अनुसूची में संरक्षित प्रजाति है। आरोपियों के विरुद्ध परिक्षेत्र मंदसौर में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 3832/16 दर्ज कर विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया गया है। इस अपराध में 3 से 7 वर्ष तक के कारावास और न्यूनतम 25 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है।

गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 जुलाई 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी पुष्कर मालवीय सहित वन विभाग की टीम के सोनू नागदा, नरेंद्र मालवीय, मयूराज सिंह चौहान, किरणसिंह राठौर, राधुदामा, भरत यादव, आशीष मालवीय एवं राजेशसिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।