NEWS: धुंधली होती रोशनी को मिला नया सहारा! रेडक्रॉस के विशाल नेत्र शिविर में 200 लोगों की आंखों की जांच, 37 मोतियाबिंद मरीजों की समय रहते हुई पहचान, पढ़े खबर
नीमच, 6 जुलाई। जिले में आमजन को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच एवं गोमाबाई नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को रेडक्रॉस भवन में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने लाभ उठाया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 200 नागरिकों की निःशुल्क आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क चश्मे और आई ड्रॉप्स भी वितरित किए गए। जांच के दौरान 37 मोतियाबिंद मरीजों की पहचान हुई, जिन्हें आगे की जांच और ऑपरेशन के लिए रेफर किया गया। समय पर हुई इस जांच से कई लोगों को गंभीर नेत्र रोगों का पता चल सका, जिससे उनकी आंखों की रोशनी बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

शिविर के दौरान चिकित्सकों ने नागरिकों को नियमित नेत्र परीक्षण कराने, आंखों की साफ-सफाई बनाए रखने तथा दृष्टि संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार से अधिकांश नेत्र रोगों का सफल इलाज संभव है।

शिविर के सफल संचालन में जिला पंचायत सीईओ एवं रेडक्रॉस प्रशासक अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक प्रशासक श्रुति भयड़िया के निर्देशन में रेडक्रॉस सचिव डॉ. स्वप्निल वधवा, गोमाबाई नेत्रालय के चिकित्सकों तथा रेडक्रॉस के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
