BREAKING NEWS: हाईवे पेट्रोल पंप पर पानी पीने उतरे दो मासूम… और आगे निकल गई पिकअप, पलभर में मच गया हड़कंप, डायल-112 बनी मसीहा, दोनों मासूमों को सकुशल परिजनों के किया सुपुर्द, पढ़े खबर
नीमच। थाना नीमच सिटी क्षेत्र के हाईवे रोड स्थित बरखेड़ा हाड़ा पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक पिकअप वाहन से आए दो मासूम बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए। घटना की सूचना 11 मार्च 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को मिली, जिसके बाद तुरंत नीमच सिटी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह चौहान एवं पायलट विनोद शर्मा ने दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। बच्चों ने बताया कि वे एक पिकअप वाहन से जा रहे थे। पेट्रोल पंप पर गाड़ी में पेट्रोल भरवाते समय वे पानी पीने के लिए नीचे उतर गए, इसी दौरान पिकअप वाहन आगे निकल गया और वे पीछे रह गए।

डायल-112 टीम ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन के नंबर के आधार पर संपर्क नंबर प्राप्त किया और परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। इसके बाद बच्चों को एफआरवी वाहन से सुरक्षित थाने लाया गया। कुछ ही देर में परिजन थाने पहुंच गए, जहां पहचान और सत्यापन के बाद दोनों मासूम बच्चों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। डायल-112 पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
