BIG NEWS: मनासा के आंतरी माताजी में जमीन विवाद ने मचाया खूनी कोहराम... रास्ता रोककर पहले ट्रैक्टर से घेराबंदी, फिर परिवार पर टूट पड़े हमलावर, धारदार हथियारों से हमला, 3 लोग लहूलुहान, एक की हालत गंभीर,पढ़े खबर
रिपोर्ट : मनीष जोलानिया
मनासा। नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र स्थित आंतरी माताजी में शनिवार को वर्षों पुराने जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। करीब 30 साल से उपयोग किए जा रहे रास्ते से निकलने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने बीच रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा कर दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में विशाल सूर्यवंशी, जीतू सूर्यवंशी और उनकी माता इंदिराबाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हमले के बाद तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इससे गंभीर रूप से घायल युवक काफी देर तक घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। बाद में घायलों को उपचार के लिए मनासा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायलों का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच खेत की मेड़ और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। विशाल सूर्यवंशी का कहना है कि पहले भी कई बार जानलेवा हमला हो चुका है और थाने में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण विवाद लगातार बढ़ता गया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
