जनसुनवाई: “जनता की फरियाद पर तुरंत एक्शन! एसपी विनोद मीणा की जनसुनवाई में 34 शिकायतों का मौके पर निराकरण,थानों को दिये तत्काल कार्रवाई के निर्देश,पढ़े खबर
मंदसौर। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा द्वारा आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पुलिस कंट्रोल रूम मंदसौर में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 34 आवेदकों की शिकायतों को सीधे सुनकर उनका त्वरित निराकरण किया गया तथा संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में आज दिनांक 10 मार्च 2026 को भी आमजन अपनी समस्याएं लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और उनके विधिसंगत समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर, एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापत, थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेंद्र सिंह राठौर तथा थाना प्रभारी यशोधर्मन नगर शिवांशु मालवीय भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संबंधित अनुभागों से आए आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष निराकरण पुलिस की प्राथमिकता है, इसलिए जनसुनवाई के माध्यम से सीधे संवाद कर शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जा रहा है।
