BIG NEWS: भानपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.40 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार,बाइक समेत खेप जब्त,नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही, पढ़े खबर
मंदसौर। भानपुरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2005 ग्राम अफीम और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्रीमती हेमलता कुरिल एवं एसडीओपी गरोठ श्री विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी भानपुरा निरीक्षक रमेशचंद दांगी के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।

दिनांक 30 मार्च 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भानपुरा-झालावाड़ रोड स्थित भगवानपुरा के पास घेराबंदी कर एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (RJ 33 SG 6793) को रोका। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2005 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये आंकी गई। साथ ही 40 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस ने मौके से आरोपी लोकेश प्रजापति पिता जुगल प्रजापति निवासी ग्राम भोलु, थाना चेचट, जिला कोटा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना भानपुरा में अपराध क्रमांक 89/2026 धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह अफीम रामरतन पिता मेहताब किरार निवासी भोलु, थाना चेचट, जिला कोटा (राजस्थान) से लेकर आया था। पुलिस ने रामरतन को भी मामले में नामजद आरोपी बनाया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी का रिमांड प्राप्त कर उससे पूछताछ जारी रखी है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेशचंद दांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।