BIG NEWS: रवि माली हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा! भाई की हत्या का बदला लेने के लिए रची गई खूनी साजिश, पिता को बनाया निशाना, मंदसौर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 4 आरोपियों को दबोचा", पढ़े खबर

BIG NEWS: रवि माली हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा! भाई की हत्या का बदला लेने के लिए रची गई खूनी साजिश, पिता को बनाया निशाना, मंदसौर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 4 आरोपियों को दबोचा", पढ़े खबर

मंदसौर। शहर के बहुचर्चित रवि माली हत्याकांड में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने सनसनीखेज खुलासा किया कि उन्होंने करीब ढाई महीने पहले हुई अपने भाई अरुण वर्मा की हत्या का बदला लेने के लिए युवराज माली के पिता रवि माली की हत्या की थी।

पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि जग्गाखेड़ी रोड स्थित अभिनंदन कच्ची सड़क पर एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कर्मचारी कॉलोनी निवासी रवि माली के रूप में हुई।

मृतक के भाई सुमित माली की शिकायत पर कोतवाली थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर पुलिस को घटना में छह लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली। पहले एक नाबालिग आरोपी को इंदौर से पकड़ा गया, जबकि बाद में मुख्य आरोपी अजय वर्मा, आशीष वर्मा और संदीप उर्फ दिलीप उर्फ काला वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके भाई अरुण वर्मा की हत्या करीब ढाई महीने पहले युवराज माली और उसके साथियों ने की थी। उसी रंजिश में उन्होंने युवराज के पिता रवि माली को निशाना बनाकर हत्या कर दी।

पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के दौरान कुछ और लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई।