BIG NEWS :चाय की टापरी पर शुरू हुआ विवाद... कुछ ही मिनटों में बिछ गई लाश! नागदा में तलवार से सीना चीरकर की हत्या, 24 घंटे में हत्यारा और सबूत छिपाने वाला गिरफ्तार, पढ़े खबर
नागदा। उज्जैन जिले के बिरलाग्राम थाना क्षेत्र में टापरी पर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गाली-गलौज के बाद एक युवक की तलवार से सीने पर वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वारदात में इस्तेमाल खून से सनी तलवार छिपाने वाले उसके बेटे को भी गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 28 जून की शाम करीब 6 बजे बिरलाग्राम स्थित राजेश राठौर की टापरी पर जयप्रकाश उर्फ टक्कू अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान मोहन ढोली वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मोहन गाली-गलौज करते हुए वहां से अपने घर गया और कुछ ही देर बाद तलवार लेकर वापस लौटा। आते ही उसने जयप्रकाश के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल जयप्रकाश को उसके साथी विशाल चौहान स्कूटी से जनसेवा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फरियादी आकाश राजपूत की शिकायत पर बिरलाग्राम थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करणदीप तथा सीएसपी विक्रम अहिरवार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर 45 वर्षीय मुख्य आरोपी मोहन पिता अंबाराम ढोली को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात के बाद उसने हत्या में इस्तेमाल खून से सनी तलवार अपने 22 वर्षीय बेटे गणेश को छिपाने के लिए दे दी थी। इसके बाद पुलिस ने गणेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि तलवार नाले के पास एक परिचित के घर लोहे की पेटी के नीचे छिपाकर रखी गई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खून से सनी तलवार बरामद कर ली।

पुलिस ने गणेश के खिलाफ साक्ष्य छिपाने सहित संबंधित धाराएं और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई जितेंद्र पाटीदार और उनकी टीम ने अंजाम दी। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।