BIG BREAKING: इलाज के लिए छुट्टी मंजूर कराने की कीमत 3 हजार! मंदसौर वन विभाग का स्थापना प्रभारी लोकायुक्त के जाल में रंगे हाथों गिरफ्तार, पढ़े खबर

BIG BREAKING: इलाज के लिए छुट्टी मंजूर कराने की कीमत 3 हजार! मंदसौर वन विभाग का स्थापना प्रभारी लोकायुक्त के जाल में रंगे हाथों गिरफ्तार, पढ़े खबर

मंदसौर। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त संगठन उज्जैन ने मंगलवार को सामान्य वन मंडल कार्यालय मंदसौर में पदस्थ स्थापना शाखा प्रभारी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया है। कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार आवेदक ललित मीणा, वनरक्षक, गांधी सागर अभ्यारण पूर्व रेंज मंदसौर ने 27 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि स्वयं के इलाज के लिए अहमदाबाद जाने हेतु 43 दिनों के अर्जित अवकाश आवेदन पर कार्रवाई करने के बदले स्थापना शाखा प्रभारी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर ने रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की गोपनीय जांच और तस्दीक की। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर मंगलवार 2 जून को विशेष ट्रैप कार्रवाई की गई। लोकायुक्त दल ने सामान्य वन मंडल कार्यालय मंदसौर के स्थापना शाखा कक्ष में आरोपी को आवेदक से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हिना डाबर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, मोहम्मद इसरार एवं श्याम शर्मा सहित लोकायुक्त टीम शामिल रही।