BREAKING NEWS: खेत में पानी रोकने से फसल तबाह! कार्रवाई नहीं होने पर किसान पहुंचा जनसुनवाई, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार, पढ़े खबर
नीमच, मनासा तहसील के ग्राम मेरीयाखेड़ी निवासी किसान कन्हैयालाल गायरी ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर के नाम आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। किसान का आरोप है कि पड़ोसी हंसराज गायरी ने उसकी कृषि भूमि के प्राकृतिक बरसाती पानी के निकास को मिट्टी की पार बनाकर रोक दिया है, जिससे हाल की बारिश में खेत में जलभराव हो गया और खड़ी फसल खराब होने लगी।

आवेदन में किसान ने बताया कि उसकी कृषि भूमि का बरसाती पानी वर्षों से प्राकृतिक ढाल के अनुसार होकर आगे नाले में निकलता रहा है, लेकिन विपक्षी द्वारा रास्ता बंद किए जाने से पानी खेत में ही भर गया। किसान का कहना है कि उसने विवाद से बचने के लिए वैकल्पिक निकासी का प्रयास भी किया, लेकिन विपक्षी ने वहां से भी पानी नहीं निकलने दिया।

किसान ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और धमकियां दी गईं। इस मामले में गांव के पंचों के माध्यम से समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

प्रार्थी का कहना है कि उसने 28 जुलाई 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनासा को भी लिखित शिकायत दी थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने जनसुनवाई में कलेक्टर से मौके का निरीक्षण कराकर पानी की निकासी पूर्ववत शुरू करवाने, खराब फसल का पंचनामा बनवाने तथा दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
