NEWS: नगर परिषद पिपलियामंडी में 25 फरवरी को विशेष कर संग्रहण शिविर,करदाताओं से की सहभागिता की अपील,पढ़े खबर
पिपलियामंडी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार नगर परिषद पिपलियामंडी द्वारा 25 फरवरी 2026 को परिषद कार्यालय परिसर में विशेष कर संग्रहण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य नगर के समस्त करदाताओं को एक ही स्थान पर कर संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं बकाया कर की वसूली सुनिश्चित करना है।

परिषद अध्यक्ष इंदिरा सुनील देवरिया के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रवीण सेन के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में करदाताओं को बकाया कर की जानकारी प्राप्त करने, रिकॉर्ड में त्रुटियों का सुधार करवाने, कर निर्धारण से जुड़ी समस्याओं के समाधान तथा मौके पर ही कर जमा करने की सुविधा दी जाएगी।

प्रशासन के अनुसार शिविर में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जिससे करदाताओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा सके। परिषद का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक नागरिक शिविर का लाभ उठाकर अपने कर संबंधी मामलों का समय पर निपटारा करें।

अध्यक्ष इंदिरा सुनील देवरिया ने नगरवासियों से अपील की है कि वे कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर विशेष कर संग्रहण शिविर का लाभ अवश्य लें और नगर विकास कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। वहीं CMO प्रवीण सेन ने कहा कि समय पर कर भुगतान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, जिससे सड़क, प्रकाश, सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

नगर परिषद ने सभी करदाताओं से आग्रह किया है कि वे 25 फरवरी 2026 को आयोजित इस विशेष शिविर में पहुंचकर अपने बकाया कर का भुगतान करें एवं किसी भी प्रकार की त्रुटि या समस्या का समाधान मौके पर ही कराएं।