NEWS: 94% अंक लाकर चमका नीमच का बेटा... मुस्लिम मेधावी सम्मान समारोह में मोहम्मद सूफियान मंसूरी का हुआ भव्य सम्मान, करियर गाइडेंस से छात्रों को मिली नई दिशा, पढ़े खबर
नीमच। ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी जिला इकाई नीमच द्वारा आयोजित "चौथे मुस्लिम मेधावी सम्मान समारोह एवं करियर गाइडेंस प्रोग्राम" में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर सीबीएसई 10वीं परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र मोहम्मद सूफियान मंसूरी (पिता साबिर हुसैन मंसूरी) को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

स्प्रिंगवुड स्कूल, स्कीम नंबर-36, नीमच के छात्र मोहम्मद सूफियान मंसूरी ने गणित में 98, आईटी में 97 तथा कुल 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता पर कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में सोसायटी के अध्यक्ष मुबारिक हुसैन, सचिव जाहिद हुसैन, चेयरमैन मुकीत खान सहित अन्य पदाधिकारियों ने सूफियान को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सोसायटी का उद्देश्य समाज में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाना, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को बेहतर करियर के लिए सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। करियर गाइडेंस सत्र में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।