NEWS:संत रविदास स्वरोजगार योजना से बदली नीरज की तकदीर, सेंट्रिंग व्यवसाय शुरू कर बना आत्मनिर्भर, पढ़े खबर
मनासा। जिले में बाछड़ा समुदाय के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में संचालित पंख अभियान के तहत युवाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

इसी क्रम में मनासा विकासखंड के ग्राम तलाउ निवासी नीरज पिता कमल कर्मावत को म.प्र. शासन की संत रविदास स्व-रोजगार योजना के तहत 3 लाख 75 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। यह ऋण सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कुकडेश्वर शाखा द्वारा प्रदान किया गया।
प्राप्त ऋण राशि से नीरज ने सेंट्रिंग (मकान निर्माण में उपयोग होने वाली ढांचा व्यवस्था) का व्यवसाय शुरू किया। वर्तमान में वह प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रहा है। इस व्यवसाय से न केवल उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि वह अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर पा रहा है।

नीरज ने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन को देते हुए आभार व्यक्त किया है। पंख अभियान के माध्यम से जिले के अन्य युवाओं के लिए भी आत्मनिर्भरता की राह खुल रही है।
