NEWS: ग्वालटोली में अक्षय तृतीया पर गूंजेगी शहनाई, 26 जोड़े बंधेंगे विवाह बंधन में, 18-19 अप्रैल को भव्य आयोजन का बिगुल, पढ़े खबर

नीमच। ग्वालटोली में एक बार फिर सामाजिक एकता, परंपरा और संस्कारों का भव्य संगम देखने को मिलेगा। श्री चन्द्रवंशी ग्वाला-गवली समाज द्वारा 8वां सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं गंगा पूजन समारोह 18 व 19 अप्रैल को श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में बड़े ही धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे समाज में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।

इस भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में समाजजन शामिल होंगे। समाज के पंच धन्नालाल पटेल, रामप्रसाद चौधरी, राजू पटेल और श्यामलाल दीवान के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में एक तुलसी विवाह सहित कुल 26 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे, जो इसे और भी खास बना रहा है।

18 अप्रैल: गंगा पूजन, भक्ति और परंपरा का महासंगम

18 अप्रैल को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे श्री सत्यनारायण भगवान की कथा एवं हवन से होगी। सुबह से दोपहर तक पिंडदान कार्यक्रम होंगे।

शाम 4 बजे श्री गणेश मंदिर से भव्य गंगा यात्रा निकलेगी, जिसके बाद:

 6 बजे – गंगा माता की महाआरती

 6:30 बजे – नवनिर्मित हॉल, मुख्य द्वार और पेयजल टंकी का लोकार्पण

7 बजे – गंगा प्रसादी

8 बजे – कन्हैया गायन एवं भजन संध्या

19 अप्रैल (अक्षय तृतीया): विवाह संस्कारों का भव्य आयोजन

अगले दिन अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर विवाह समारोह आयोजित होगा:

7 बजे – बिंदौरी सजावट

 8:30 बजे – बिंदौरी प्रारंभ

11 बजे – टीका व बारात स्वागत

1 से 3 बजे – फेरे (पीले हाथ)

 3:30 बजे – आशीर्वाद समारोह

4 बजे – विदाई

कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को आयोजन समिति द्वारा कपड़े, गहने और घरेलू उपयोग की सामग्री भेंट की जाएगी। आयोजन की जानकारी नवयुवक मंडल अध्यक्ष विजय पडरिया एवं प्रवक्ता रवि दीवान द्वारा दी गई।