BIG NEWS: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर देर रात शामगढ़ पुलिस की घेराबंदी से मचा हड़कंप, बिना नंबर की स्विफ्ट छोड़ खेतों में भागा तस्कर, तलाशी में निकला 22 किलो डोडाचूरा, खुला हाईवे तस्करी का राज, पढ़े खबर
मंदसौर। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत थाना शामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता कुरिल (गरोठ) तथा एसडीओपी सीतामऊ श्री दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शामगढ़ उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने 23 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार से 22 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त किया।

पुलिस के अनुसार दिल्ली-मुंबई 8 लाइन एक्सप्रेस-वे के नीचे ग्राम साकरियाखेड़ी अंडरब्रिज के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन तेज गति से भगाकर ग्राम सगोरिया के कच्चे रास्ते से मगरे के पास तालाब किनारे ले गया और वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने मौके पर कार की तलाशी ली, जिसमें 22 किलो अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा और वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जब्त मशरूका
22 किलो अवैध डोडाचूरा
अनुमानित कीमत : ₹44 हजार
बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार
अनुमानित कीमत : ₹6 लाख
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, सहायक उप निरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी, आरक्षक धर्मेश बेरागी, विशाल चौहान, प्रेम कुमार एवं हीरालाल की विशेष भूमिका रही।
