BIG NEWS:जिंदगी की जंग-सुरक्षा के संग,नीमच पुलिस ने किया 7 दिवसीय अभियान का आगाज़,तो इन आंकड़ों में कमी लाना हैं मुख्य उद्देश्य,पढ़े खबर

जिंदगी की जंग-सुरक्षा के संग,नीमच पुलिस ने किया 7 दिवसीय अभियान का आगाज़

BIG NEWS:जिंदगी की जंग-सुरक्षा के संग,नीमच पुलिस ने किया 7 दिवसीय अभियान का आगाज़,तो इन आंकड़ों में कमी लाना हैं मुख्य उद्देश्य,पढ़े खबर

नीमच। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जनहानि को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन अब सख्त और जागरूक मोड में नजर आ रहा है। आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के कुशल निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगुर्जर एवं उनकी टीम द्वारा जिले में एक विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान आगामी 7 दिनों तक सघन रूप से संचालित किया जाएगा।

हेलमेट और सीट बेल्ट की लापरवाही से गई सबसे ज्यादा जानें-
​अभियान के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के चौंकाने वाले आंकड़े भी साझा किए गए। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में पूरे मध्य प्रदेश में कुल 56,669 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 14,791 लोगों ने अपनी जान गंवाई। इनमें से 6,541 लोगों की मृत्यु केवल हेलमेट न पहनने के कारण और 1,929 लोगों की मृत्यु सीट बेल्ट न लगाने की वजह से हुई। अगर जिला नीमच की बात करें तो वर्ष 2024 में 368 सड़क दुर्घटनाओं में 120 लोगों की मौत हुई। वहीं, वर्ष 2025 में जिले में कुल 321 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 117 लोगों की अकाल मृत्यु हुई। पुलिस अधीक्षक की मंशा है कि इस विशेष अभियान के जरिए इन मृत्यु दर के आंकड़ों को 50 प्रतिशत तक नीचे लाया जा सके।

पहले हम- फिर आप की मिसाल पेश कर बांटे हेलमेट-
​पुलिस अधीक्षक ने इस अभियान में पारदर्शिता और नैतिकता की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमों का पालन सबसे पहले जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को करना होगा। उनका स्पष्ट मानना है कि नियमों का पालन सबसे पहले 'अपनों' से शुरू होना चाहिए। वहीं बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उपस्थित पुलिस टीम उन्हें सुरक्षा का महत्व समझाया और हेलमेट वितरित कर सुरक्षा का संकल्प दिलाया।

यातायात पुलिस की मार्मिक अपील
​थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर एवं उनकी टीम ने जिलेवासियों से अपील की है कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट को बोझ न समझें, यह आपकी सुरक्षा का कवच है। पुलिस का कहना है कि सड़क हादसों में होने वाली अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से होती हैं, जिसे सिर्फ एक हेलमेट पहनकर टाला जा सकता है। याद रखें, घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है।आपका सहयोग ही हमारा प्रयास है।