NEWS : श्रद्धा और भक्ति के संग जीरन में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का भव्य जन्मोत्सव,विधायक निधि से निर्मित चद्दर शेड का लोकार्पण, महाआरती व विशाल प्रसाद वितरण,पढ़ें खबर
श्रद्धा और भक्ति के संग जीरन में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का भव्य जन्मोत्सव,
जीरन। संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज का पावन जन्मोत्सव अहिरवार समाज द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा, हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है तथा तैयारियाँ जोरों पर हैं।

यह कार्यक्रम 1 फरवरी 2026, रविवार को सायं 6:00 बजे आयोजित किया जाएगा। आयोजन स्थल श्री गुरु रविदास अहिरवार समाज धर्मशाला, जयप्रकाश नगर, जीरन रहेगा, जहाँ बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति संभावित है। इस अवसर पर धर्मशाला परिसर में विधायक निधि से निर्मित चद्दर शेड का विधिवत लोकार्पण भी किया जाएगा। यह निर्माण समाज की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कराया गया है, जिससे भविष्य में आयोजित होने वाले सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में बेहतर व्यवस्थाएँ उपलब्ध हो सकेंगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक माननीय दिलीप सिंह परिहार होंगे। वे लोकार्पण करने के साथ ही समाजजनों को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम में अन्य गणमान्य अतिथियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों के स्वागत की विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर संत श्री रविदास जी महाराज के जीवन, उनके विचारों तथा समानता, भाईचारे और मानवता के संदेशों को स्मरण किया जाएगा। इस दौरान भजन-कीर्तन, माल्यार्पण एवं सामूहिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।अहिरवार समाज ने नगरवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
