BIG NEWS : चिकित्सा की दुनिया में आने वाली है सबसे बड़ी तकनीकी क्रांति,3 साल में AI करेगा बीमारी का पता, डॉक्टर बिना छुए करेंगे मरीज का सटीक इलाज, पत्रकार सम्मान मंच से सकलेचा का बड़ा दावा, पढ़े खबर

नीमच। रोटरी भवन, गोमाबाई रोड स्थित रोटरी क्लब में जिला युवा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी में तकनीक, पत्रकारिता की विश्वसनीयता और सामाजिक सरोकारों को लेकर गंभीर मंथन हुआ। कार्यक्रम में राजनीति, प्रशासन और मीडिया जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया तथा वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री व जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि आने वाले तीन वर्षों में तकनीक इतनी उन्नत हो जाएगी कि डॉक्टरों को मरीज को छूने की भी आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से क्रांति ला रहा है, जिससे सटीक जांच और रिमोट मॉनिटरिंग के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

सकलेचा ने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में जूनियर डॉक्टरों के भरोसे ही स्वास्थ्य व्यवस्था को संभालना पड़ा था। उन्होंने कहा कि विधायक माधव मारू और सभी के संयुक्त प्रयासों से नीमच जिले में संक्रमण को नियंत्रित करने में बड़ी सफलता मिली। उन्होंने यह भी कहा कि नीमच के डीएनए में विकास और तरक्की है और विकसित भारत के निर्माण में मीडिया की सकारात्मक भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

लोकतंत्र के स्तंभों की मजबूती पर जोर

मनासा विधायक माधव मारू ने कहा कि वर्तमान समय तत्काल सूचना का दौर है, जिसमें पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे वरिष्ठों के अनुभव से सीखते हुए अपनी साख को मजबूत रखें।

भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि राजनीति और पत्रकारिता दोनों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनना है।

नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने पत्रकारों को प्रशासन और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि पत्रकारों के मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और उनकी लेखनी से पीड़ित को न्याय मिलना ही सच्ची पत्रकारिता है।

वरिष्ठ पत्रकारों ने दिए अनुभव के मंत्र

संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों का अपना महत्व है, लेकिन तथ्य की पुष्टि के बिना खबर प्रकाशित या प्रसारित नहीं करनी चाहिए।

कवि व पत्रकार सुरेश सन्नाटा ने कहा कि पत्रकारिता में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, सच्चाई को सामने लाना ही इसका मूल उद्देश्य है।

पत्रकार दिनेश प्रजापति ने टीआरपी की दौड़ में भी प्रमाणिकता को बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

वहीं कपिल चौहान ने पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग उठाई, जबकि वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण शर्मा ने कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और संपादक राजेश मानव ने कहा कि ज्ञान और अध्ययन पत्रकार की सबसे बड़ी पूंजी है।

आस्था का सम्मान, अतिथियों को भेंट की भादवामाता की तस्वीर

कार्यक्रम के दौरान सभी मुख्य अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह स्वरूप मध्यप्रदेश की प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां भादवामाता की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान

पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकारों का मंच से सम्मान किया गया। इनमें धर्मेंद्र शर्मा, सुरेश सन्नाटा, दिनेश प्रजापति, संजय यादव, संजय जोशी, राजेश मानव, कृष्ण शर्मा, हरीश अहीर, मुकेश सहरिया और कमलकांत जोशी शामिल रहे, जिन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पत्रकारों को सुरक्षा का संदेश, हेलमेट वितरण

कार्यक्रम में यातायात पुलिस की ओर से भी सराहनीय पहल की गई। यातायात पुलिस अधिकारी सोनू बडगुर्जर ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए पत्रकारों को हेलमेट वितरित किए और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की।

अतिथियों के लिए विशेष किट

आयोजन में बाहर से आए पत्रकारों के लिए विशेष फोल्डर किट भी दी गई, जिसमें डायरी और पेन शामिल थे, ताकि पत्रकार अपने लेखन और महत्वपूर्ण सूचनाओं को संकलित कर सकें।

कार्यक्रम में जिला युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय, उपाध्यक्ष अब्दुल अली ईरानी, मनीष बागड़ी, विजित राव महाडिक, आनंद अहिरवार, प्रथम सिंह डोडिया, गोपाल मेहरा, पंकज मेनारिया सहित जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।