NEWS: डूंगलावदा में देवनारायण भगवान के बोर्ड को कचरे में फेंकने पर आक्रोश, OBC महासभा ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग, पढ़े खबर
नीमच। भाटखेड़ा-डूंगलावदा सड़क निर्माण के दौरान डूंगलावदा स्थित श्री देवनारायण सर्किल पर लगे श्री देवनारायण भगवान के बोर्ड को कथित रूप से प्रोकलेन मशीन से उखाड़कर कचरे एवं गंदगी में फेंकने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर ओबीसी महासभा सहित गुर्जर समाजजनों में आक्रोश है।

ओबीसी महासभा के अध्यक्ष उज्जैन संभाग देवा गुर्जर के नेतृत्व में समाजजनों ने नगर पुलिस अधीक्षक नीमच एवं थाना प्रभारी नीमच कैंट के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि भाटखेड़ा-डूंगलावदा सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा डूंगलावदा में श्री देवनारायण सर्किल पर लगे बोर्ड को प्रोकलेन मशीन से हटाकर कचरे और गंदगी में फेंक दिया गया। समाजजनों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए बोर्ड हटाना आवश्यक था तो आमजन को विश्वास में लेकर सम्मानजनक तरीके से हटाया जा सकता था, लेकिन धार्मिक आस्था से जुड़े बोर्ड को इस तरह कचरे में फेंकना उचित नहीं है।

ज्ञापन में कहा गया कि इस घटना से सर्वसमाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में आक्रोश की स्थिति बन रही है। ओबीसी महासभा, अखिल भारतीय गुर्जर देव सेना संस्था एवं समाजजनों ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही बोर्ड हटाने में प्रयुक्त प्रोकलेन मशीन को जब्त करने की मांग की है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को चेतावनी दी गई कि तीन दिवस के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की स्थिति बन सकती है, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन पर देवा गुर्जर सहित शिवम गुर्जर, विकास, विशाल, मनोद, सुखदेव, विनोद, मंगल, उदल, गणेश, रीडमल सहित आमजन एवं समाजजनों के हस्ताक्षर बताए गए हैं।