NEWS: खंभा फाड़ प्रकट हुए भगवान नरसिंह, बद्रीविशाल मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दिव्य दर्शन, गूंज उठा पूरा मनासा, पढ़े खबर
मनासा। नगर के गांधी चौक स्थित ऐतिहासिक नगर नायक बद्रीविशाल मंदिर में गुरुवार को नरसिंह जयंती का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान भगवान नरसिंह के प्राकट्य की अद्भुत लीला का सजीव मंचन किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

गोधूली बेला में जैसे ही कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान नरसिंह ने खंभा फाड़कर प्रकट होकर भक्त प्रह्लाद की रक्षा की और अत्याचारी हिरण्यकश्यप का वध किया। इस रोमांचकारी और आस्था से ओतप्रोत दृश्य को देखने के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। जैसे ही भगवान नरसिंह का प्राकट्य हुआ, पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। वर्षों पुरानी इस परंपरा को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, जिससे यह आयोजन नगर की विशेष पहचान बन चुका है।

मान्यता है कि यदि भगवान नरसिंह का उग्र स्वरूप मंदिर की सीढ़ियों से नीचे उतर जाए, तो इसे अशुभ संकेत माना जाता है। ऐसी स्थिति में विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान को शांत किया जाता है। इसी आस्था के चलते आयोजन के दौरान विशेष सावधानियां भी बरती जाती हैं।

वध लीला के पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में प्रसाद वितरण हुआ और पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का माहौल छा गया।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि नगर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता को भी दर्शाता है।