BIG NEWS: खेत से लौटते वक्त मौत का कहर, जुना मालाहेड़ा में बेकाबू ट्रॉली खाई में पलटी, 17 साल के युवक की दर्दनाक मौत, एक जिंदगी मौत से जंग में, पढ़े मनीष जोलानिया की खबर

BIG NEWS: खेत से लौटते वक्त मौत का कहर, जुना मालाहेड़ा में बेकाबू ट्रॉली खाई में पलटी, 17 साल के युवक की दर्दनाक मौत, एक जिंदगी मौत से जंग में, पढ़े मनीष जोलानिया की खबर

मनासा क्षेत्र के ग्राम जुना मालाहेड़ा में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। सुखले (चारा) से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा पलटी। इस भीषण हादसे में ट्रॉली के ऊपर बैठे चार युवकों की जिंदगी पलभर में बदल गई।

हादसे के दौरान ट्रॉली के नीचे दबने से सुनील पिता रूघनाथ बंजारा (उम्र 17 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं आदेश पिता रतनलाल बंजारा (उम्र 19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जो ट्रॉली के नीचे दबा रहा और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे में दो अन्य युवक बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला गया और तत्काल मनासा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल आदेश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

इधर, मृतक सुनील के शव को देर शाम शासकीय अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। मनासा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस दर्दनाक हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।