BIG NEWS: बिल पूरे… लेकिन सुविधा शून्य, भीषण गर्मी में घंटों ब्लैकआउट से तड़प रहा नीमच, ट्रांसफॉर्मर बन रहे आग के गोले, बिजली विभाग की लापरवाही पर भड़के शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोनू लोक्स — बोले, जनता परेशान रही तो होगा बड़ा आंदोलन, पढ़े खबर
नीमच। भीषण गर्मी के बीच नीमच शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और ट्रांसफॉर्मरों में आग लगने की घटनाओं ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। बिजली कंपनी द्वारा मेंटेनेंस और बेहतर सप्लाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है। पिछले पंद्रह दिनों में शहर में ट्रांसफॉर्मर आग की चपेट में आने के तीन बड़े मामले सामने आ चुके हैं, जिससे बिजली व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सोमवार को जैन भवन रोड क्षेत्र में अचानक सड़क किनारे लगा ट्रांसफॉर्मर धधक उठा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन इसके बावजूद तकनीकी खराबियां लगातार सामने आ रही हैं।

शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोनू लोक्स ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि भीषण गर्मी में जनता का हाल बेहाल है। बिना किसी तय शेड्यूल और पूर्व सूचना के रोजाना घंटों बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम नागरिकों, छोटे बच्चों, बुजुर्गों, व्यापारियों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी जनता की शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार फोन करने के बावजूद अधिकारी कॉल रिसीव नहीं करते और न ही संतोषजनक जवाब देते हैं। इससे लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

मोनू लोक्स ने कहा कि एक ओर जनता पर भारी-भरकम बिजली बिलों का बोझ डाला जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बदले में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अभी मानसून की शुरुआत भी नहीं हुई है और शहर की यह स्थिति है, तो बारिश के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
उन्होंने सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता की इतनी बड़ी समस्या पर जिम्मेदार जनप्रतिनिधि मौन बने हुए हैं। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

मोनू लोक्स ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और नियमित सप्लाई सुनिश्चित नहीं हुई, तो शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा बिजली विभाग का घेराव किया जाएगा तथा जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के पुतले दहन किए जाएंगे।
— मोनू लोक्स
अध्यक्ष, शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, नीमच