NEWS: नीमच में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया 87वां CRPF दिवस, शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर जवानों ने किया सलामी सम्मान,दिखाई बच्चों ने ड्राइंग प्रतियोगिता में अपनी शानदार प्रतिभा, पढ़े खबर

NEWS: नीमच में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया 87वां CRPF दिवस, शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर जवानों ने किया सलामी सम्मान,दिखाई बच्चों ने ड्राइंग प्रतियोगिता में अपनी शानदार प्रतिभा, पढ़े खबर

नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रुप केंद्र नीमच में भव्य, गरिमामय और उत्साहपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। पूरे परिसर में देशभक्ति, गर्व और सम्मान का वातावरण छाया रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत कैंप स्थित ऐतिहासिक शौर्य स्थल पर विशेष महानिदेशक (प्रशिक्षण) दीपक कुमार द्वारा वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान सभी राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इसके पश्चात क्वार्टर गार्ड पर डीआईजी ग्रुप केंद्र, नीमच सुरेन्द्र कुमार ने सलामी ली। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की स्थापना 27 जुलाई 1939 को नीमच में क्राउन रिप्रेजेंटेटिव पुलिस के रूप में हुई थी, जिसे बाद में सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा वर्तमान नाम दिया गया।

उन्होंने यह भी बताया कि 19 मार्च 1950 को इस बल को ‘प्रेसिडेंट कलर्स’ से सम्मानित किया गया, जो इसकी वीरता, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक है। आज यह बल विश्व के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बलों में शामिल है और हर चुनौती में देश की सुरक्षा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर सभी मैस में ‘बड़ा खाना’ एवं विभिन्न सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, CRPF के महानिदेशक ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने भी सभी अधिकारियों एवं जवानों को उनके परिवार सहित शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

 इसी क्रम में ग्रुप केंद्र नीमच एवं ज्ञानोदय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘महाराणा प्रताप भवन’ में ओपन मेगा ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के 150 से अधिक बच्चों ने चार श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंत में प्रत्येक श्रेणी के शीर्ष तीन विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल के प्रोफेसर पंकज श्रीवास्तव, शिक्षकगण, स्टाफ एवं ग्रुप केंद्र के अधिकारी उपस्थित रहे।