NEWS: चेटीचंड महापर्व पर उमड़ा आस्था का सैलाब,1076वें जन्मोत्सव पर निकली भव्य वाहन रैली,समाजजनों पर हुई पुष्पवर्षा,आयोजन बना ऐतिहासिक,पढ़े खबर
नीमच। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के 1076वें जन्मोत्सव चेटीचंड के पावन अवसर पर शहर में आस्था, उल्लास और एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। चेटीचंड सिंधी दिवस के महापर्व पर पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में चेटीचंड उत्सव समिति द्वारा गुरुवार सुबह 8 बजे भागेश्वर महादेव मंदिर से एक विशाल और भव्य वाहन रैली निकाली गई।

रैली जैसे-जैसे शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंचता गया। इस दौरान आराध्या वेलफेयर सोसाइटी की महिला पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नया बाजार, बजरंग चौक और भोजु का चौराहा क्षेत्र में रैली में शामिल समाजजनों का मोती की माला पहनाकर एवं पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत और सम्मान किया।

इस अवसर पर हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए काली मिश्री, काली मिर्च, नीम की पत्तियां एवं मिठाई से सभी का मुंह मीठा कराया गया। साथ ही ठंडा पेयजल, बिस्किट और फ्रूटी जूस का वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया गया।

कार्यक्रम में उत्सव समिति प्रमुख मनोहर अर्जनानी, पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष मुखी ईश्वर आहुजा, राजकुमार मंगवानी, महासचिव महेश वर्धानी, गजेंद्र चावला, प्रकाश मोटवानी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। वहीं महिला शक्ति के रूप में एडवोकेट माया मीनू लालवानी, जया अठवाणी, राखी अठवाणी, खुशबू अठवाणी, प्रगति बुधवानी, निशा आहूजा, नंदिनी वर्धानी, कविता गुरुनानी सहित कई महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इसके अलावा टैगोर बस्ती सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों के समाजजनों ने केसरिया दुपट्टा, कुमकुम तिलक, मोती माला और पारंपरिक सामग्री से स्वागत कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।