NEWS: खजूर पर्व ‘पाम संडे’ से शुरू हुआ पवित्र सप्ताह, प्रभु यीशु मसीह के स्वागत से लेकर गुड फ्राइडे और ईस्टर तक आस्था का महासमय, पढ़े खबर

NEWS: खजूर पर्व ‘पाम संडे’ से शुरू हुआ पवित्र सप्ताह, प्रभु यीशु मसीह के स्वागत से लेकर गुड फ्राइडे और ईस्टर तक आस्था का महासमय, पढ़े खबर

नीमच : नगर में रविवार को खजूर पर्व ‘पाम संडे’ श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। बाइबल के अनुसार इसी दिन प्रभु यीशु मसीह ने एक राजा के समान यरुशलम में प्रवेश किया था। उस समय नगरवासियों ने खजूर की डालियां हाथ में लेकर और सड़क पर अपने वस्त्र बिछाकर उनका भव्य स्वागत किया था तथा “होशना” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा था।

पाम संडे के साथ ही अब पवित्र सप्ताह (होली वीक) की शुरुआत हो गई है। सोमवार से लेकर गुड फ्राइडे तक का समय संयम, प्रार्थना और आत्मचिंतन का काल माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु प्रभु के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए विशेष आराधनाएं करते हैं।

गुड फ्राइडे के दिन प्रभु यीशु मसीह को क्रूस पर चढ़ाया गया था। माना जाता है कि उन्होंने मानव जाति के पापों को अपने ऊपर लेकर यह बलिदान दिया, ताकि समस्त मानवता का उद्धार हो सके। यह दिन त्याग, प्रेम और क्षमा का संदेश देता है।

इसके बाद तीसरे दिन रविवार को ईस्टर पर्व मनाया जाएगा, जिसे प्रभु के पुनर्जीवित होने का दिन माना जाता है। इस दिन यीशु मसीह ने मृत्यु पर विजय प्राप्त की थी, जो विश्वास और आशा का प्रतीक है।

धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी

सोमवार से गुरुवार तक प्रतिदिन शाम 7:00 बजे आशीष भवन चर्च में आराधना होगी।

गुड फ्राइडे के दिन दोपहर 12:00 से 3:00 बजे तक विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।

ईस्टर पर्व (रविवार, 5 अप्रैल) को सुबह 9:00 बजे चर्च में आराधना एवं शाम को सामूहिक रात्रि भोज (समाज) का आयोजन होगा।

पूरे सप्ताह के दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में चर्च पहुंचकर प्रार्थना करेंगे और प्रभु के संदेश—प्रेम, त्याग और क्षमा—को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेंगे।