NEWS: चीताखेड़ा में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस, प्रभात फेरी में गूंजे भारत माता के जयकारे, पढ़े खबर

NEWS: चीताखेड़ा में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस, प्रभात फेरी में गूंजे भारत माता के जयकारे, पढ़े खबर

चीताखेड़ा। 15 अगस्त 2026 को चीताखेड़ा अंचल में 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सुबह से ही गांव में देशभक्ति का माहौल नजर आया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रभात फेरी से हुई। हाथों में तिरंगा थामे बच्चे पूरे गांव में निकले और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

पुलिस थाना जीरन के अंतर्गत चीताखेड़ा सहायता केंद्र पर सहायता केंद्र प्रभारी धारा सिंह सोलंकी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सहायता केंद्र का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इसी प्रकार सेवा सहकारी समिति चीताखेड़ा में समिति प्रबंधक जितेंद्र जैन ने तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने राष्ट्रगान के साथ “जय जवान, जय किसान” के उद्घोष लगाए। प्रबंधक जितेंद्र जैन ने किसानों से सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने तथा देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

स्वतंत्रता दिवस के विभिन्न आयोजनों में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, कर्मचारी और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए। दिनभर गांव में देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही और लोगों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया।