BREAKING NEWS: प्याज की बोरियों में छिपा था करोड़ों का नशा! सीतामऊ पुलिस का बड़ा प्रहार, 16 क्विंटल डोडाचूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: प्याज की बोरियों में छिपा था करोड़ों का नशा! सीतामऊ पुलिस का बड़ा प्रहार, 16 क्विंटल डोडाचूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पढ़े खबर

मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीतामऊ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ट्रक में प्याज की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे 16 क्विंटल अवैध डोडाचूरा को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है, जबकि ट्रक, प्याज और अन्य सामान सहित कुल जब्ती 55 लाख रुपये से अधिक की है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी सीतामऊ के मार्गदर्शन में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर लदुना-दलावदा रोड पर घेराबंदी की गई। इस दौरान अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक HR-62A-5270 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में ऊपर प्याज की बोरियां भरी हुई थीं, लेकिन जब पुलिस ने बोरियां हटवाईं तो नीचे छिपाए गए 87 कट्टों में भरा 16 क्विंटल डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने ट्रक चालक राकेश रविदास (32 वर्ष), निवासी संगरूर, पंजाब तथा ट्रक में मौजूद बालूसिंह सौंधिया (41 वर्ष), निवासी माकड़ी चामुंडा, शामगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जब्त सामग्री

16 क्विंटल डोडाचूरा (87 कट्टे) – कीमत 32 लाख रुपये

अशोक लीलैंड ट्रक – कीमत 20 लाख रुपये

129 कट्टे प्याज – कीमत 1.40 लाख रुपये

एक एंड्रॉयड मोबाइल – कीमत 10 हजार रुपये

पुलिस अब आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत, सप्लायर और इसकी खपत से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में थाना सीतामऊ प्रभारी एवं पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।