BIG NEWS: मंदसौर में ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़,किराये पर मकान और उसमे चलाया नशे का काला खेल,आया सुपुर्दगी का आवेदन तो खुला राज,ताला तोड़ते ही ड्रमों से उठी जहरीली गंध,ड्रग्स केमिकल जब्त कर श्रेयांश मोगरा को किया गिरफ्तार,पढ़े पूरी खबर

BIG NEWS: मंदसौर में ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़,किराये पर मकान और उसमे चलाया नशे का काला खेल,आया सुपुर्दगी का आवेदन तो खुला राज,ताला तोड़ते ही ड्रमों से उठी जहरीली गंध,ड्रग्स केमिकल जब्त कर श्रेयांश मोगरा को किया गिरफ्तार,पढ़े पूरी खबर

मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना वायडी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाला 1886.6 किलोग्राम केमिकल जब्त किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा (भा.पु.से.) के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं सीएसपी जितेन्द्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी वायडी नगर निरीक्षक शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।

किराए के मकान से मिला संदिग्ध केमिकल

25 फरवरी 2026 को आवेदिका ललिता पति प्रदीप जैन (तरसिंग), निवासी नई आबादी, मंदसौर द्वारा थाना वायडी नगर में आवेदन दिया गया। आवेदन में बताया गया कि उनका विजय हाउसिंग सोसायटी कॉलोनी, फार्मेसी कॉलेज रोड, कृषि उपज मंडी के सामने स्थित मकान 1 जनवरी 2026 से श्रेयांस पिता धरमचन्द्र मोगरा, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) को किराए पर दिया गया था। आवेदन की जांच के लिए उपनिरीक्षक हेमंत शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मकान के बाहर लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। अंदर हाल में प्लास्टिक के नीले, हरे और पीले रंग के कई ड्रम रखे मिले, जिनसे तीव्र केमिकल जैसी गंध आ रही थी।

ड्रमों के ढक्कन खोलकर जांच करने पर उनमें तरल पदार्थ भरा मिला, जो प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थ निर्माण में प्रयुक्त होने वाला संदिग्ध केमिकल पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही कुल 1886.6 किलोग्राम केमिकल जब्त कर लिया।

आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज

इस मामले में आरोपी श्रेयांस पिता धरमचन्द्र मोगरा, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

इनका रहा विशेष योगदान

इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक शिवांशु मालवीय, उपनिरीक्षक हेमंत शर्मा, प्रधान आरक्षक अरविंद पुरोहित, मुकेश दीया, लक्ष्मण भाटी, श्रवण सिंह, पंकज शर्मा एवं राजेन्द्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा।