BIG NEWS : विधानसभा में गरजे नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, बांछड़ा समुदाय के उत्थान, सिटी नाला सौंदर्यीकरण और बघाना हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर उठाए तीखे सवाल, पढ़े खबर
नीमच। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से बांछड़ा समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ठोस और जमीनी प्रयासों की आवश्यकता पर जोरदार आवाज उठाई। साथ ही उन्होंने नीमच सिटी में सांवरिया जी मंदिर के पास नाला सौंदर्यीकरण कार्य में अनियमितताओं और बघाना में प्रस्तावित हॉकी एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड निर्माण को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।

बांछड़ा समुदाय के उत्थान पर सरकार को घेरा
विधायक परिहार ने सदन में कहा कि क्षेत्र में बांछड़ा समुदाय के उत्थान के नाम पर कई सामाजिक संस्थाएं और एनजीओ कार्य कर रहे हैं तथा उन्हें सरकार से पर्याप्त बजट भी मिल रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर परिणाम दिखाई नहीं दे रहे। उन्होंने ऐसे कार्यों की जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के प्रभाव से देह व्यापार जैसी कुरीति का फैलाव बढ़ रहा है, जिसे रोकने के लिए ठोस सामाजिक एवं प्रशासनिक पहल आवश्यक है। परिहार ने मांग की कि— बांछड़ा समुदाय की बच्चियों के लिए सिलाई, बुनाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएं। पापड़, अगरबत्ती, मसाला जैसे कुटीर उद्योगों के लिए विशेष प्रोत्साहन और वित्तीय सहायता दी जाए।

अलग से बजट आवंटित कर स्वरोजगार आधारित योजनाएं चलाई जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि समुदाय में कई बच्चे अनाथ हैं, जिनका पंजीयन कर विशेष शिविरों के माध्यम से आधार कार्ड, आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाए जाएं तथा उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए। उन्होंने लाडली बहना योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की मांग भी की। परिहार ने अनाथ बच्चियों को शिक्षा के बाद आरक्षण व आवासीय सुविधा देने पर भी जोर दिया, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें और मुख्यधारा से जुड़ सकें। जावरा विधायक राजेन्द्र पाण्डेय ने भी रतलाम, मंदसौर और नीमच क्षेत्र में 3-4 प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता जताई। इस पर मंत्री ने आश्वस्त किया कि महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग संयुक्त रूप से इस दिशा में कार्य करेंगे।

सिटी नाला सौंदर्यीकरण में अनियमितता का आरोप
विधायक परिहार ने नीमच सिटी के सांवरिया जी मंदिर के पास नाला सौंदर्यीकरण के लिए अधोसंरचना मद से स्वीकृत 3 करोड़ रुपये की राशि के उपयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि डिज़ाइन के अनुरूप कार्य नहीं हुआ, फिर भी पूरी राशि ठेकेदार को भुगतान कर दी गई।
उन्होंने मांग की कि—
कार्य को मूल डिज़ाइन के अनुरूप पूर्ण कराया जाए।
विभागीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
बघाना में हॉकी एस्ट्रोटर्फ निर्माण शीघ्र शुरू करने की मांग
बघाना में हॉकी एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड निर्माण को लेकर उन्होंने बताया कि मप्र विकास निगम भोपाल द्वारा 23 दिसंबर 2025 को 6.89 करोड़ रुपये की लागत को स्थायी वित्तीय समिति में अनुमोदित किया गया है।
प्रथम चरण में इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूर्ण होने के बाद द्वितीय चरण में हॉकी सिंथेटिक टर्फ निर्माण प्रस्ताव स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किया जाएगा। विधायक परिहार ने इस कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की।

विधानसभा में दिखा ‘बापू’ का आक्रामक अंदाज
इस बार नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार पूरी तैयारी के साथ विधानसभा पहुंचे। सामान्यतः अधिकारियों के प्रति नरम रुख रखने वाले ‘बापू’ ने बजट सत्र में 44 प्रश्न, 4 ध्यानाकर्षण, 5 शून्यकाल और 10 याचिकाओं के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखे सवाल दागे। उनके इस आक्रामक रुख से अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में बजरंग दल में भी उनकी छवि आक्रामक नेतृत्व की रही है, जिसका राजनीतिक लाभ उन्हें मिलता रहा