BIG NEWS: एक तरफ मौत का गहरा गड्ढा, दूसरी तरफ पानी में डूबते ट्रांसफार्मर के तार... मनासा के इस बायपास पर हर गुजरता शख्स उठा रहा जान जोखिम में, आखिर बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहे जिम्मेदार?, पढ़े मनीष जोलानिया की ये खबर
मनासा। नगर के भाटखेड़ी बायपास स्थित कवि नगर क्षेत्र में बड़े हादसे का खतरा लगातार मंडरा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी बेखबर नजर आ रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद न तो नगर परिषद मनासा कोई ठोस कदम उठा रही है और न ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इस ओर ध्यान दे रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार भाटखेड़ी बायपास पर एक ओर नगर परिषद द्वारा गहरा गड्ढा खोद दिया गया है, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। वहीं दूसरी तरफ विद्युत विभाग द्वारा स्थापित ट्रांसफार्मर के तार बरसात के दिनों में जलभराव के कारण पानी में डूब जाते हैं। ऐसे में करंट फैलने की आशंका से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान सड़क और आसपास के इलाके में पानी भर जाता है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी कई गुना बढ़ जाती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं।

रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद मनासा, पीडब्ल्यूडी और विद्युत विभाग से मांग की है कि गहरे गड्ढे को तत्काल भरवाया जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए तथा ट्रांसफार्मर और उससे जुड़े विद्युत तारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी संभावित जनहानि को रोका जा सके।
