BREAKING NEWS: भैंस, बीन और सैकड़ों प्रदर्शनकारी... नीमच में हड़ताल के सातवें दिन दिखा ऐसा नजारा जिसने सबको कर दिया हैरान, आखिर किसे जगाने के लिए रचा गया यह अनोखा प्रदर्शन? पढ़िए पवन राव शिंदे की ये पूरी खबर
नीमच। ट्रामा सेंटर जिला चिकित्सालय के पास सोमवार को उस समय एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब धरना स्थल पर अचानक एक भैंस लाई गई और उसके सामने बीन बजाई जाने लगी। यह दृश्य देखकर राहगीर और आसपास मौजूद लोग कुछ पल के लिए हैरान रह गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और हर कोई जानना चाहता था कि आखिर यह सब क्यों किया जा रहा है।

दरअसल, प्रदेशव्यापी आह्वान पर एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के सातवें दिन कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने के लिए प्रतीकात्मक रूप से "भैंस के आगे बीन" कार्यक्रम आयोजित किया। कर्मचारियों का कहना था कि बार-बार मांगें उठाने और आंदोलन करने के बावजूद उनकी समस्याओं पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है, इसलिए उन्होंने यह अनोखा तरीका अपनाया।

धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हुए नियमितीकरण, एनपीएस एवं स्वास्थ्य बीमा का लाभ, 10 प्रतिशत वार्षिक वेतनवृद्धि, महंगाई भत्ता, वेतन विसंगति दूर करने, नियमित कर्मचारियों की तरह अवकाश और अन्य सुविधाओं की मांग दोहराई।

हड़ताल के चलते जिले में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कर्मचारियों के अनुसार टीबी कार्यक्रम, टीकाकरण अभियान, आरबीएसके कार्यक्रम, दवा वितरण, डीपीएम यूनिट तथा दवा स्टोर सहित कई कार्य प्रभावित हुए हैं।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल कुमार डुगरवाल और जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार शर्मा ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन ने जल्द पहल नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
