BIG NEWS: 'नशे के खिलाफ अब निर्णायक जंग'... नीमच में गूंजा बड़ा संकल्प, विधायक दिलीप सिंह परिहार ने युवाओं को दिलाई शपथ—'नशा छोड़ो, भविष्य बचाओ', 10 दिवसीय अभियान का हुआ भव्य समापन, पढ़े खबर
नीमच। 26 जून को मादक द्रव्यों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के बालक-बालिका छात्रावास परिसर में किया गया। कार्यक्रम के साथ 17 से 26 जून तक चले 'नशामुक्त भारत अभियान : विकसित भारत की पहचान सप्ताह' का समापन भी हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा के आदेशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव तथा डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक श्रुति भयडिया के निर्देशन में किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने अपने संबोधन में कहा कि युवा और बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे की लत से बचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा लगातार नशामुक्ति अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें समाज की सहभागिता बेहद जरूरी है।

विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकना तथा नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण करना है। उन्होंने कहा कि नशा कई प्रतिभाशाली युवाओं का भविष्य और परिवार दोनों बर्बाद कर देता है, इसलिए समाज को मिलकर इस बुराई के खिलाफ खड़ा होना होगा। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में नशामुक्ति प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता, जनजागरूकता कार्यक्रम, मास्टर वॉलंटियर्स प्रशिक्षण, पंपलेट एवं स्टिकर वितरण तथा सामूहिक शपथ जैसे विभिन्न आयोजन किए गए।

कार्यक्रम में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं जिला मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों ने विधायक का स्वागत करते हुए नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने में हरसंभव सहयोग का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस नशामुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुनील तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला समन्वयक विनीत दुबे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य अनिल व्यास, वार्डन दीपा वैष्णव, सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, रेडक्रॉस नशामुक्ति केंद्र के प्रतिनिधि, जिला मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।