BIG NEWS: 'ऑपरेशन मिडनाइट' में अफजलपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी... खेतों से मोटर-केबल उड़ाने वाले शातिर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो बदमाश गिरफ्तार, एक की तलाश जारी, पढ़े खबर
मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने किसानों के खेतों और कुओं से रात के अंधेरे में विद्युत मोटर एवं केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक विद्युत मोटर, 70 फीट केबल तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। वहीं गिरोह का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 22-23 जून की दरमियानी रात फरियादी रुघनाथ सिंह निवासी अफजलपुर के खेत स्थित कुएं से विद्युत मोटर एवं केबल चोरी हो गई थी। शिकायत पर थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 161/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अभिषेक एवं जहीर बताए और चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी जहीर के कब्जे से करीब 11,500 रुपये कीमत की 3 हॉर्स पावर की विद्युत मोटर एवं 70 फीट केबल बरामद की, जबकि आरोपी अभिषेक से वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर 125 एनएस मोटरसाइकिल जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक (22) एवं जहीर (22) निवासी इंदिरा आवास, दलौदा के रूप में हुई है। मामले में सुमित नामक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं अफजलपुर थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।