NEWS: खुशियों से गूंज उठा विद्या मंदिर स्कूल, 80 से अधिक नन्हे विद्यार्थियों को मिली मुफ्त कॉपियां-स्टेशनरी, पालक संघ ने बांटी शिक्षा की सौगात, पढ़े खबर
नीमच। शहर के घंटाघर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय विद्या मंदिर में गुरुवार को उस समय खुशी का माहौल बन गया, जब पालक संघ जिला इकाई नीमच एवं महिला विंग द्वारा नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों को निःशुल्क कॉपियां और स्टेशनरी किट वितरित की गई। स्टेशनरी पाकर बच्चे खुशी से झूम उठे और पूरे विद्यालय में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम का आयोजन "अच्छी शिक्षा, सस्ती शिक्षा, सबको शिक्षा, घर-घर शिक्षा" अभियान के तहत किया गया। पालक संघ पिछले दो वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सेवा कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निशा गर्ग ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इस पहल को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए बेहद प्रेरणादायक बताया।

पालक महासंघ मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और समाज के हर वर्ग को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में 80 से अधिक विद्यार्थियों को कॉपियां, पेन, पेंसिल, रबर, रंग, स्केल और शार्पनर सहित स्टेशनरी किट वितरित की गई। साथ ही विद्यालय के पूर्व सेवानिवृत्त शिक्षक स्वर्गीय नाथूलाल जोगनिया की स्मृति में उनके परिवार की ओर से विद्यालय को स्वामी विवेकानंद का चित्र भी भेंट किया गया।

स्टेशनरी वितरण के बाद बच्चों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सभी विद्यार्थियों ने एक स्वर में "हम सबने ठाना है, नीमच को स्वच्छ बनाना है" और "सांसें हो रही कम, पेड़ लगाएं हम" जैसे नारे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जगदीश शर्मा, प्रधानाध्यापिका निशा गर्ग, यास्मीन मेव, स्वप्निल लोत्पल जोशी, बालकृष्ण सोलंकी, उमा जैन, ऊषा मित्तल, आशा सांभर, मंजू जोगनिया, श्वेता शर्मा, एडवोकेट सतीश शर्मा, नागेश जोगनिया सहित पालक संघ एवं विद्यालय परिवार के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।