NEWS: न्यायालय परिसर में लगा स्वास्थ्य सेवा का शिविर, 'उल्लास: एक अभिनव प्रयोग' के तहत मनासा तहसील न्यायालय में 100 से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, पढ़े खबर

NEWS: न्यायालय परिसर में लगा स्वास्थ्य सेवा का शिविर, 'उल्लास: एक अभिनव प्रयोग' के तहत मनासा तहसील न्यायालय में 100 से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, पढ़े खबर

मनासा। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार संचालित 'उल्लास: एक अभिनव प्रयोग' कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को तहसील न्यायालय मनासा परिसर में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई।

यह शिविर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विरेन्द्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार प्रजापति के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायालय परिवार एवं न्यायालय से जुड़े सभी हितधारकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश आशुतोष यादव, द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ खंड) राकेश कुमार मरावी, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ खंड) भूपेन्द्र आर्य तथा प्रथम व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ खंड) रौनक पाटीदार सहित न्यायालयीन कर्मचारी, अधिवक्तागण एवं बड़ी संख्या में पक्षकार उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार प्रजापति ने कहा कि 'उल्लास: एक अभिनव प्रयोग' का उद्देश्य न्यायालयों में सकारात्मक, स्वस्थ एवं सहयोगपूर्ण कार्य संस्कृति का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाएगा।