BIG NEWS : स्वच्छ भारत अभियान की उड़ रही धज्जियां !,कनघट्टी ग्राम पंचायत बनी गंदगी का अड्डा,सालभर से सड़क किनारे सड़ रहा कचरा मंदिर मार्ग पर खुले में शौच,बदबू और बीमारी से ग्रामीण परेशान, शिकायतों के बाद भी पंचायत मौन, जिम्मेदारों की कार्यशैली पर उठे सवाल, पढ़े ये खबर
स्वच्छ भारत अभियान की उड़ रही धज्जियां !,कनघट्टी ग्राम पंचायत बनी गंदगी का अड्डा,सालभर से सड़क किनारे सड़ रहा कचरा मंदिर मार्ग पर खुले में शौच
रिपोर्ट – नरेन्द्र राठौर, पिपलियामंडी
सरकार भले ही “स्वच्छ भारत अभियान” के बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन कनघट्टी ग्राम पंचायत की तस्वीर इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। गांव के बायपास रोड स्थित अंबेडकर सर्कल के पास पिछले एक साल से कचरे का अंबार लगा हुआ है। सड़क किनारे फैली गंदगी और बदबू से राहगीरों एवं ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है।

इतना ही नहीं, बालाजी मंदिर के पीछे दोनों ओर के रास्तों पर खुले में शौच होने से हालात और भी भयावह बने हुए हैं। जगह-जगह फैला मल-मूत्र और कचरा स्वच्छता व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ग्राम पंचायत और सरपंच को शिकायत करने के बावजूद आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

यह मार्ग गांव का प्रमुख रास्ता माना जाता है, जहां से मंदसौर-पिपलिया रोड, जीरन-नीमच रोड और थड़ा-प्रतापगढ़ मार्ग की ओर लगातार आवाजाही रहती है। बाहर से आने वाले लोग गांव में प्रवेश करते ही गंदगी का यह नजारा देखकर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कचरे के ढेर से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। गर्मी के मौसम में बदबू और गंदगी ने स्थिति और गंभीर बना दी है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सफाई करवाने और स्थायी समाधान की मांग की है।
गांववासियों का सवाल —
“जब मुख्य सड़क ही कचरे से पट गई, तो स्वच्छता अभियान आखिर कागजों तक ही सीमित क्यों?”