NEWS: गौ सेवा में बड़ा योगदान, साढ़े 5 लाख की लागत से बना गिरदौड़ा में विशाल टीन शेड, संतों के सानिध्य में हुआ भव्य लोकार्पण, गो प्रसादम सेवा समिति का सराहनीय कार्य, पढ़े खबर
नीमच। गो प्रसादम सेवा समिति द्वारा निरंतर चलाए जा रहे गौ सेवा प्रकल्प के अंतर्गत एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री हरि गौशाला गिरदौड़ा में गौ माता के आश्रय हेतु विशाल टीन शेड का निर्माण कर उसे समर्पित किया गया। इस अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संतों के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया गया।

समिति के संस्थापक संरक्षक एवं अध्यक्ष परमपूज्य गुरुदेव संत श्री दशरथानंद जी सरस्वती के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 44×80 फीट के बड़े टीन शेड का निर्माण कराया गया, जिसकी लागत लगभग साढ़े पांच लाख रुपये रही। गौ पूजन कर और हरी घास का भोग लगाकर इस शेड को गौ माता को समर्पित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वेद आचार्य वृंदावन के पंडित प्रवर श्री गंगाधर जी पाठक मैथिल रहे, जिनके शुभ हस्तों से गौ पूजन कर नवनिर्मित टीन शेड का लोकार्पण किया गया। आचार्य श्री के आशीर्वचनों के साथ गुरुदेव के करकमलों द्वारा इस सेवा कार्य को पूर्णता प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और गौ पूजन से हुआ। इस अवसर पर गुरुदेव ने चारों वेदों में गौ माता की महिमा का वर्णन करते हुए उनके धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पंचप्राण वायु में भी गौ माता का विशेष स्थान है।

इस अवसर पर ओम प्रकाश शर्मा (गुरुकुल संचालक भादवमाता), बद्रीलाल पुरोहित (अध्यक्ष गुजर गौड़ ब्राह्मण समाज धर्मशाला), ओम प्रकाश पुरोहित (जिला अध्यक्ष मानव अधिकार आयोग भारत), चारूलता चौबे (डायरेक्टर स्प्रिंग वुड स्कूल), उर्वशी रावल, सरोज शर्मा (विश्व हिंदू परिषद), मदनलाल (सरपंच ग्राम पंचायत कचौली), ओम प्रकाश बटवाल (समाजसेवी मल्हारगढ़), दिलीप शर्मा (अध्यक्ष सकल ब्राह्मण समाज), सिद्धूलाल पुरोहित (अध्यक्ष प्रांतीय शिक्षक संघ) सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं गोसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन घनश्याम द्विवेदी (पालसोड़ा) द्वारा किया गया तथा आभार परशराम शर्मा (मालाखेड़ा) ने व्यक्त किया। इस आयोजन में गो प्रसादम सेवा समिति के परशराम शर्मा, दिनेश शर्मा, भगीरथ शर्मा, घनश्याम द्विवेदी, योगेश शर्मा, कपिल शुक्ला, धर्मेंद्र पोरवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गो प्रसादम परिवार द्वारा प्रत्येक एकादशी, पूर्णिमा और अमावस्या पर विभिन्न गौशालाओं में नियमित रूप से हरी घास एवं अन्य सामग्री के माध्यम से गौ सेवा का कार्य निरंतर जारी है, जो समाज में सेवा और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।