NEWS: ​नीमच होने जा रहा है भक्तिमय, प्रसिद्ध कथावाचिका अनन्या शर्मा सुनाएंगी भागवत कथा, तो भूमिया सरकार का भी लगेगा दिव्य दरबार,कलश यात्रा, दैनिक हवन-यज्ञ और महाप्रसादी के साथ मनेगा सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव,पढ़े खबर

नीमच होने जा रहा है भक्तिमय, प्रसिद्ध कथावाचिका अनन्या शर्मा सुनाएंगी भागवत कथा, तो भूमिया सरकार का भी लगेगा दिव्य दरबार,कलश यात्रा, दैनिक हवन-यज्ञ और महाप्रसादी के साथ मनेगा सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव

NEWS: ​नीमच होने जा रहा है भक्तिमय, प्रसिद्ध कथावाचिका अनन्या शर्मा सुनाएंगी भागवत कथा, तो भूमिया सरकार का भी लगेगा दिव्य दरबार,कलश यात्रा, दैनिक हवन-यज्ञ और महाप्रसादी के साथ मनेगा सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव,पढ़े खबर

नीमच। शहर का स्कीम नंबर 36-ए स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर होने जा रहा है। ग्वालियर चम्बल परिवार एवं समस्त नीमच की धर्मप्रेमी जनता के संयुक्त तत्वावधान में यहाँ 31 मई से 7 जून तक सात दिवसीय विशाल धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर एवं कथा स्थल पर तैयारियाँ युद्धस्तर पर जारी हैं।

​स्थानीय लायंस डेन पर आयोजित एक प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए ग्वालियर चम्बल परिवार के प्रमुख राधेमोहन शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, सुनील माहौर, धर्मेंद्र गुर्जर, विनोद त्रिपाठी, सुभाषचंद्र शर्मा, मनोज त्रिपाठी तथा सचिन शर्मा (ठेकेदार) ने बताया कि इस भव्य आयोजन को लेकर समाजजनों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने की उत्तम व्यवस्था, पेयजल, प्रसादी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

​दोपहर 3 से 6 बजे तक बहेगी रसधारा-

​प्रेसवार्ता में आयोजकों ने बताया कि 31 मई से 7 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव आयोजित होगा। प्रसिद्ध कथावाचिका अनन्या शर्मा श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगी। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की अनमोल लीलाओं एवं श्रीमद भागवत के विभिन्न प्रसंगों का संगीतमय व भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं को सनातन मूल्यों से जोड़ेगा।

​महामंडलेश्वर हरिओम दास जी महाराज का मिलेगा सानिध्य-

​धार्मिक महोत्सव का मुख्य आकर्षण कथा के साथ-साथ श्रद्धालुओं की अगाध आस्था के केंद्र श्री भूमिया सरकार का दिव्य दरबार भी रहेगा। समिति के अनुसार, 4 जून से 6 जून तक मंदिर परिसर में दिव्य दरबार सजाया जाएगा, जहाँ श्री 1008 महामंडलेश्वर हरिओम दास जी महाराज उपस्थित होकर श्रद्धालुओं को अपने दिव्य आशीर्वचन प्रदान करेंगे। इस दरबार में अंचल के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है।

​रोटरी क्लब महादेव मंदिर से निकलेगी भव्य कलश यात्रा-

​सात दिवसीय इस अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ 31 मई को प्रातः 8:00 बजे कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा रोटरी क्लब के सामने स्थित महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल (सिद्धेश्वर महादेव मंदिर) पहुँचेगी। बैंड-बाजों, ढोल-ढमाकों और धार्मिक जयघोषों के बीच निकलने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति सिर पर कलश धारण कर सहभागिता निभाएगी।

​जनकल्याण के लिए प्रतिदिन होगा हवन-यज्ञ-

​आयोजन के अंतर्गत 1 जून से 6 जून तक प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे कथा स्थल पर विधिवत हवन एवं यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि यह यज्ञ क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की पावन भावना के साथ संपन्न होगा, जिसमें श्रद्धालु आहुतियाँ देकर पुण्य लाभ ले सकेंगे।

​7 जून को महाप्रसादी के साथ पूर्णाहुति-

​महोत्सव का समापन 7 जून को दोपहर 3:00 बजे से पूर्णाहुति एवं विशाल महाप्रसादी के साथ होगा। आयोजन समिति लगातार बैठकें कर व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित, अनुशासित और भव्य स्वरूप देने में जुटी हुई है। सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर इन दिनों पूरी तरह से धार्मिक उल्लास का केंद्र बना हुआ है और शहरवासियों में इस विराट समागम को लेकर खासा उत्साह है।