BIG NEWS : 65 किलो डोडाचूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार, मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई… बोलेरो में भरकर सप्लायर तक पहुंचाने जा रहा था माल, पढ़े खबर

BIG NEWS : 65 किलो डोडाचूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार, मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई… बोलेरो में भरकर सप्लायर तक पहुंचाने जा रहा था माल, पढ़े खबर

मंदसौर। जिले की अफजलपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 किलो 700 ग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बोलेरो वाहन भी जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 8 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोदकुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल तथा एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी हरीश मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को काम्बिंग गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन क्रमांक MP44CA5999 में अवैध डोडाचूरा भरकर बाहरी तस्करों तक पहुंचाया जा रहा है। सूचना मिलते ही अफजलपुर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर क्षेत्र में नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए वाहन को पुलिस ने घेराबंदी कर रोका। वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम विशाल पिता मांगीलाल निवासी निपानिया थाना अफजलपुर बताया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे चार कट्टों में अवैध डोडाचूरा भरा मिला।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 65 किलो 700 ग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 24 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया। साथ ही करीब 7 लाख रुपये कीमत की बोलेरो वाहन भी जप्त की गई। आरोपी के खिलाफ थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ के खरीदार, सप्लायर और पूरे नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय सहित अफजलपुर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।