BIG NEWS: पुलिस वर्दी पहनकर स्कॉर्पियो में आए ‘नकली अफसर’, डाली ‘Special 26’ स्टाइल“ मे फर्जी रेड!,घर में घुसकर लुटा लाखो का केश रकम,किया परिवार को कमरे में बंद,और हो गए फरार,घटना धार जिले की,पढ़े खबर
धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में शनिवार सुबह फिल्मी अंदाज में सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। बदमाशों ने बॉलीवुड फिल्म Special 26 की तर्ज पर खुद को इनकम टैक्स अधिकारी और पुलिसकर्मी बताकर घर में रेड डाली और लाखों रुपये नकद व करीब 50 तोला सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाग नगर में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार वारदात बाग थाना क्षेत्र के ब्राह्मण मोहल्ले की है। यहां रहने वाले राजकुमार मालवीय के घर सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार पांच से छह बदमाश पहुंचे। इनमें दो बदमाश पुलिस की वर्दी में थे, जबकि अन्य सादे कपड़ों में थे। एक बदमाश के पास पिस्टल भी बताई जा रही है।
बदमाशों ने घर पहुंचकर खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताया और रेड डालने की बात कहकर घर में प्रवेश कर लिया। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी लेने के नाम पर अलमारियां और लॉकर खंगालना शुरू कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने राजकुमार मालवीय, उनकी पत्नी कृष्णा मालवीय और घर में काम करने वाली महिला को डराकर एक कमरे में बंद कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश घर से करीब 4 से 4.5 लाख रुपये नकद और लगभग 50 तोला सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी परिवार को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर मौके से भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर बाग थाना पुलिस और कुक्षी एसडीओपी मौके पर पहुंचे और ताला तोड़कर परिवार को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों का एक मोबाइल फोन घाट बोरी रोड पर गिर गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद बाग नगर में दहशत का माहौल है और लोग दिनदहाड़े हुई इस फिल्मी अंदाज की लूट से सहमे हुए हैं।