BIG NEWS: साकरियाखेड़ी में आग का कहर,गरीब बुजुर्ग का कच्चा मकान जलकर राख, हुआ राशन-पैसा-कागजात सब खत्म, पढ़े खबर
रिपोर्ट- मनीष जोलानिया
मनासा। ग्राम साकरियाखेड़ी में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक गरीब बुजुर्ग के कच्चे मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा आशियाना जलकर खाक हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदा पिता देवा भील, निवासी साकरियाखेड़ी के कच्चे मकान में अचानक आग भड़क उठी। इस हादसे में गेहूं, मक्का, दाल, शक्कर सहित महीनों का राशन, ओढ़ने-बिछाने के बिस्तर, आधार कार्ड की पावती एवं नगद राशि पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि पीड़ित बुजुर्ग दंपति की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद कमजोर है। आग में पूरा घरेलू सामान व राशन जल जाने से उनके सामने अब दो वक्त की रोटी और सिर छुपाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार कुकड़ेश्वर नवीन छोलात्रे ने बताया कि मोजा पटवारी को मौके पर भेजकर पंचनामा एवं नुकसानी की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। आरबीसी के प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
